तेज़ धमाको से हिली यूक्रेन की राजधानी,देखे क्या है मौजूदा हालात

कीव। यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध की स्थिति भयावह होती जा रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने यूक्रेन में रूस के साथ शुरू हुए जंग में पहले दिन 137 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की और यह भी बताया कि राजधानी कीव से कुछ ही दूर पर स्थित चेर्नोबिल न्यूक्लियर साइट भी अब मास्को के नियंत्रण में चला गया है। इस बीच यूक्रेन ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र से तत्काल मानवाधिकार परिषद की बैठक बुलाने की मांग की है। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन से यूूक्रेन में सैन्य कार्रवाई को तुरंत रोक देने को कहा है।

यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी बॉर्डर पोस्ट पर गिरी रूसी मिसाइल- यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी बॉर्डर पोस्ट पर रूसी मिसाइल आकर गिरी है। इसमें वहां मौजूद सैनिकों को नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन के गृह मंत्री एंटोन जर्सेंको ने बताया है कि कीव में सुबह से कुल छह धमाके हो चुके हैं। उनके मुताबिक, ये धमाके क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से किए गए। आगे कहा गया है कि कार्रवाई करते हुए रूस का एक विमान भी गिराया गया है। कीव में हालात आज सुबह से ही बिगड़े हुए हैं। वहां दो धमाके सुनाई दिए हैं। इसके साथ-साथ यूक्रेन ने दावा किया है कि उन्होंने दो रूसी एयरक्राफ्ट को वहां मार गिराया गया है।

सुबह तेज धमाकों से दहली यूक्रेन की राजधानी कीव- समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक यूक्रेन की राजधानी कीव सुबह-सुबह तेज धमाकों से दहल गई है। कीव में शुक्रवार सुबह दो जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेन के गृह मंत्रालय के सलाहकार एंटोन हेराशचेंको ने टेलीग्राम पर कहा कि कीव पर क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले अभी फिर से शुरू हुए हैं। मैंने दो शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी। इसके अलावा यूक्रेन के शहर कोनोटोप को भी रूसी सैनिकों ने घेर लिया है। इसके अलावा बाकी फोर्स कीव की तरफ बढ़ रही है। वहीं यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस को काफी नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन की रक्षा मंत्री हन्ना मालयार के मुताबिक, रूस के 7 एयरक्राफ्ट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक को नष्ट किया गया है।

यूक्रेन में चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए दीं चार्टर्ड उड़ानें- यूक्रेन में चीनी दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वी यूरोपीय देश में मौजूद सभी चीनी नागरिक स्वदेश वापसी के लिए चार्टर्ड फ्लाइट के लिए रजिस्ट्रेशन करा लें। यह नोटिस दूतावास के आधिकारिक वीचैट अकाउंट पर पोस्ट किया गया। इसमें यह बताया गया कि इसके लिए 27 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन हो सकता है। यूक्रेन में कुल 6000 चीनी नागरिक हैं।

यूक्रेन पर हमले के खिलाफ कई शहरों में प्रदर्शन- यूक्रेन पर हमले के खिलाफ रूस के अंदर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। रूस की राजधानी मास्को समेत कई शहरों में लोग यूक्रेन पर युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार सुबह यूक्रेन पर युद्ध का एलान किया था। रूस की पुलिस ने दर्जनों शहरों में प्रदर्शन कर रहे 1700 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *