प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बाद जनता पहले से ही आर्थिक संकट में है। केंद्र सरकार ने महंगाई को बढ़ावा देकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने इसे जन विरोधी नीति बताया। वहीं, पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमत के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में कई स्थानों पर प्रदर्शन किए। देहरादून महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में नगर में पदयात्रा निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्त्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।