राष्ट्रीय राजधानी में प्रगति मैदान में हो रहे निर्माण कार्य और एकीकृत प्रदर्शनी सह-सम्मेलन केंद्र की केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने निर्माण गतिविधियों की समीक्षा की। आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, प्रधानमंत्री के प्रधान सलाहकार पी. के सिन्हा, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय, भारत व्यापार संवर्धन संगठन, एन.बी.सी.सी. और अन्य संगठनों के अधिकारियों ने भी इस ऑनलाइन बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में निर्माण गतिविधियों के विभिन्न वीडियो और प्रस्तुतियां देखने के बाद गोयल ने निर्माण प्रगति पर हर्ष जाहिर किया। लॉकडाउन और प्रवासी मज़दूरों के पलायन से निर्माण गतिविधियों पर प्रभाव पड़ा था, लेकिन जून में इन्होंने रफ्तार पकड़ ली है। आपको बतादें फिलहाल निर्माण स्थल पर चार हजार आठ सौ मजदूर काम कर रहे हैं। मार्च 2021 तक निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। भवनों का हस्तांतरण जल्द ही शुरू हो जाएगा और अगले साल अक्टूबर तक पूरी परियोजना तैयार हो जाएगी।
प्रगति मैदान का पुनर्निर्माण एक अत्याधुनिक केंद्र के रूप में किया जा रहा है। सम्मेलन केंद्र की क्षमता सात हजार व्यक्तियों की होगी। वर्ष 2022 में भारत में जी-20 बैठक के आयोजन की संभावना है और प्रगति मैदान प्रमुख स्थल होगा।