आज पुलिस स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। पुलिसकर्मियों की निष्ठा और राष्ट्र के प्रति बलिदान को सम्मानित करने के लिए हर वर्ष 21 अक्तूबर को यह दिन मनाया जाता है। आज ही के दिन 1959 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल- सीआरपीएफ ने लद्दाख के दुर्गम दर्रों में अपने पराक्रम और बलिदान की गाथा लिखी थी। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार सुरक्षाबलों को तकनीकी से सुसज्जित कर अपनी सीमाओं को अभेद्य बनाने पर काम कर रही है। उन्होंने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए प्राणों का बलिदान करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
उप राष्ट्रपति ने एम. वेंकैया नायडू ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सभी शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनके बलिदान, वीरता और प्रतिबद्धता के लिए उन्हें याद रखेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्यपालन के दौरान शहीद होने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी है। एक ट्वीट में मोदी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस पूरे भारत में शहीद होने वाले पुलिस जवानों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने कहा कि उनके बलिदान और सेवा को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने से लेकर जघन्य अपराधों के समाधान तक, आपदा प्रबंधन में सहयोग और कोविड-19 महामारी की रोकथाम तक पुलिस के जवानों ने बिना किसी संकोच योगदान किया। उन्होंने कहा कि हमें उनकी कर्मठता और सतर्कता पर गर्व है।