उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश में जलविद्युत परियोजनाओं का सुरक्षा आडिट कराने पर जोर दिया है। इसके अलावा परियोजनाओं में सुरक्षा के मद्देनजर प्रविधान करने की पैरवी की है। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस महासचिव हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से उनके आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री को सौंपे छह सूत्रीय ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने जलवायु परिवर्तन और विस्थापन जैसे मुद्दे भी उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी आ सके इसके लिए अलग-अलग फोर्स एवं अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई है।