प्रदेश में मौसम ने एकबार फिर से करवट बदल ली है। बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में उच्च हिमालयी क्षेत्रों मे बर्फबारी हुई है। केदारनाथ, चोपता, बद्रीनाथ, हेमकुंड, फूलों की घाटी, औली, रूपकुंड, रुद्रनाथ, में कल रात से ही बर्फबारी शुर हो गई। उत्तरकाशी जिले के सुक्की टॉप, हर्षिल, गंगोत्री, जानकीचट्टी और यमुनोत्री धाम क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वही टिहरी जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धनौल्टी में भी कल रात से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया था। राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, पौड़ी, उधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुदप्रयाग में रुक-रुक कर बारिश होती रही। पूरे प्रदेश में शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार कल से राज्य के मैदानी क्षेत्रों के कुछ भागों विशेषकर उधमसिंह नगर, हरिद्वार जिले के साथ ही पौड़ी और नैनीताल जिलों के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। यह स्थिति अगले तीन-चार दिनों तक बनी रह सकती है।