देहरादून: प्रदेश के हाइवे पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अब पुलिस मुख्यालय से कवायद तेज हो गयी है। अब प्रदेश में सिटी यूनिट पेट्रोलिंग की तर्ज पर हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट की तैनाती की जा रही है। जिसके लिए ट्रैफिक पुलिस 312 नए पदों पर भर्ती करवाने जा रहा है। साथ ही हाईवे पेट्रोल में करीब 100 गाड़ियां भी रहेंगी जिसके लिए मुख्यालय स्तर से शासन में प्रस्ताव भी भेजा गया है। दरअसल, प्रदेश में कई ऐसे हाइवे हैं जिनमे ओवरस्पीड के चलते अक्सर दुर्घटना होने की खबरे आये दिन देखने को मिलती हैं। हाइवे में ओवरस्पीड मामलों पर लगाम लगाने के लिए अब राज्य में हाइवे पेट्रोलिंग पुलिस तैनात की जा रही है। जो 24 घण्टे हाइवे पर नजर रखेगी साथ ही किसी घटना के होने पर तुरन्त रिस्पॉन्स भी करेगी। हाइवे पेट्रोलिंग यूनिट सीघे डायल 112 के साथ 108 से भी कनेक्ट रहेगी जिससे किसी इलाके में कोई दुर्घटना होती है तो रिस्पॉन्स टीम के तहत हाइवे पेट्रोलिंग पुलिस काम करेगी। आपको बता दें कि राज्य में पहले ही पहाड़ी जिलों और मैदानी जिलों में ट्रैफिक पुलिस के साथ दो अलग अलग पुलिस की विंग काम करती है। जिसमे HPU (हिल पुलिस यूनिट) और CPU (सिटी पुलिस यूनिट) है लेकिन अब हाइवे के लिए ये पहली बार प्रयोग किया जा रहा है जिसमे हाइवे पेट्रोलिंग यूनिट काम करेगी जिसके लिए पुलिस मुख्यालय ने पूरी तैयारी कर खाका तैयार कर दिया है जो सम्भवतः मार्च महीने से शुरू होगी। ये पेट्रोलिंग यूनिट मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ी इलाकों में भी काम करेगी जो ओवर स्पीड के साथ हाइवे पर दौड़ रही गाड़ियों पर नजर बनाये रखेगी। वहीं इस मामले में पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार का कहना है कि इन गाड़ियों के आने से हाइवे सुरक्षित रहेगा और एक्सीडेंट मामलों में कुछ हद तक कमी आएगी। जिसके लिए शासन से भी जल्द अनुमति मिलने के आसार हैं।