मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रिंग रोड, देहरादून में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय भवन के भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। भाजपा के प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने वर्चुअल माध्यम् से किया। मुख्यमंत्री ने इस कार्यालय के निर्माण के लिए अपनी ओर से सवा लाख रूपये की सहयोग राशि पार्टी को प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यालय भवन का निर्माण स्थानीय स्थापत्य कला पर किया जा रहा है। राज्य में सरकार बनने के बाद हमने प्रयास किया कि हमारी भवन निर्माण शैली और स्थानीय संसाधन जो प्रकृति ने हमें दिये हैं, उनका भरपूर उपयोग हो। राज्य में भवन निर्माण की स्थानीय शैली समाप्त होने के कगार पर थी, इसे बचाने के लिए हमने आवास नीति में प्राविधान किया कि उत्तराखण्ड की भवन निर्माण शैली से राज्य में कोई भवन निर्माण करता है, तो उनको वर्टिकल एक फ्लोर और बनाने की अनुमति प्रदान की जायेगी। इससे महानगरों में भूमि की समस्या को कम करने में सुविधा होगी और प्रदेश की अपनी पहचान भी बनती चली जायेगी। स्थानीय शैली में भवन बनाने से लाखों लोग जो इस क्षेत्र में कार्य करने में पारंगत हैं, उनकी आय के संसाधन बढ़ेंगे। कोटी बनाल की भवन निर्माण शैली को सी.एस. मजूमदार ने विश्व की सवश्रेष्ठ शैली बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रदेश कार्यालय बनने के बाद कार्यकर्ताओं को एक भव्य और अच्छा कार्यालय मिल जायेगा। किसी भी पार्टी की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पार्टी के आदर्शों पर चलने और लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता बहुत जरूरी है। कार्यकर्ता इस कार्यालय को मंदिर के रूप में देखें। कार्यकर्ता, कार्यालय और कार्यक्रमों से पार्टी बहुआयामी बनती है। उन्हें उम्मीद है कि पार्टी का यह प्रदेश कार्यालय कार्यकर्ताओं के बौद्धिक विकास के साथ ही प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बलबीर रोड पर स्थित कार्यालय में पार्टी कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी को भी मुख्यमंत्री ने बयां किया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने उनसे क्षमा मांगी, हालांकि कभी भी स्थानीय लोगों ने अपनी इस परेशानी की शिकायत नहीं की। कम जगह होने की वजह से पार्टी कार्यकर्ताओं को भी वहां दिक्कत होती रही है। अब एक साल में पार्टी का नया भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इससे बलबीर रोड के लोगों को परेशानी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि पार्टी का प्रत्येक जिले में आधुनिक किस्म का कार्यालय बनना चाहिए। जो हमारी भविष्य की आवश्यकता के अनुसार हो। आज उनके सपने को साकार करने का कार्य राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जी मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने शाह को भी बधाई दी और कहा कि उन्हें भी पार्टी कार्यालय के शिलान्यास और भूमि पूजन की खुशी होगी। उनकी प्रेरणा से ही आज प्रदेश में एक जिले को छोड़कर सभी जगह पार्टी के अपने कार्यालय भवन बन गए हैं। उन्होंने शिलान्यास कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया साथ ही उन्हें बिहार चुनाव को लेकर भी शुभकामनाएं दी।