केंद्रीय कैबिनेट ने चालू वित्त वर्ष में आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना के लिए एक हजार पांच सौ 84 करोड़ रुपये के खर्च की मंजूरी दी है। इस योजना की संपूर्ण अवधि यानी 2020 से 2023 तक के लिए बाईस हजार आठ सौ दस करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। श्रम और रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने बताया कि इस योजना से लगभग 58 लाख पचास हजार कर्मचारियों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत सरकार एक अक्तूबर 2020 से तीस जून 2021 तक काम पर रखे गए कर्मचारियों को दो साल के लिए सब्सिडी देगी। सरकार एक हजार कर्मचारियों की संख्या वाले प्रतिष्ठानों के नए कर्मचारियों के लिए नियोजक के 12 प्रतिशत के अंशदान के साथ-साथ कर्मचारियों के हिस्से के 12 प्रतिशत का भी भुगतान करेगी। सरकार की ओर से कुल 24 प्रतिशत का अंशदान कर्मचारी भविष्य निधि खाते में किया जाएगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन इस अंशदान को कर्मचारी के आधार नम्बर से जुडे भविष्य निधि खाते में इलेक्ट्रोनिक तरीके से जमा करेगा।