किसानों द्वारा प्रस्तावित भारत बन्द को देखते हुए पुलिस अलर्ट

देहरादून: 08 दिसम्बर यानि कल किसानों द्वारा प्रस्तावित भारत बन्द को देखते हुए डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ आज वीडियो कॉन्फ्रेसिंग जरिए बैठक की। उन्होंने देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ शान्ति और कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा भी की। डीजीपी ने सभी जिला प्रभारियों को निर्देश दिये है कि लोगों से संपर्क और मीटिंग कर उनसे बन्द को शान्तिपूर्वक करने की अपील करें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जबरदस्ती बन्द नहीं कराया जाए और हिंसा किसी भी रूप में बर्दाशत नहीं की जाए। डीजीपी ने जिला प्रभारियों को जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर, जोन और सेक्टर में पुलिस अधिकारियों के साथ सम्बन्धित अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने और स्थानीय एलआईयू को सर्तक रखते हुए ,सूचना संकलित करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अफवाहों को फैलने न दिया जाय, और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाय और अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *