तपोवन आपदा के 14वें दिन भी राहत और बचाव कार्य जारी रहा। बचाव दल को शुक्रवार को एक और शव मिला। इसके बाद मृतकों की संख्या 62 पहुंच गयी। 142 लोग अब भी लापता हैं। इस बीच आपदा मे 26 मृतकों के परिजनों और 11 घायल लोगों को अहेतुक सहायता राशि दी गयी है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की जांच की जा रही है। अब तक 1 हजार 929 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। प्रशासन ग्रामीणों के पशुओं के लिए पशु आहार की व्यवस्था कर रहा है। प्रशासन ने जानकारी दी है कि आपदा प्रभावित सीमांत क्षेत्र के सभी 13 गांवों में विद्युत और पेयजल व्यवस्था सुचारू हो चुकी है। प्रभावित गांवों में हालात सामान्य होने लगे हैं।