चमोली : जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा है कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के निर्माण में जिला स्तर से जो भी कार्य अपेक्षित है, वह समय पर किए जाएंगे। परियोजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने रेलवे के अधिकारियों को माइनिंग, बैचिंग प्लांट, स्टोन क्रशर लगाने और अन्य जरूरतों के लिए निर्धारित प्रारूप पर ही आवेदन करने के निर्देश दिए ताकि समय से नियमानुसार अनुमति जारी की जा सके। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य के दौरान उत्सर्जित मलबे में से उपलब्ध उपयुक्त पत्थर और अन्य खनिजों के उपयोग की दशा में रॉयल्टी राजकोष में तत्काल जमा करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रॉयल्टी जमा न करने पर जुर्माना भी देना होगा। सिवाई में मुआवजा वितरण के दो साल बाद भी कुछ मकान मालिकों द्वारा मकान खाली न करने पर जिलाधिकारी ने राजस्व उप निरीक्षक को मकान मालिकों को अंतिम नोटिस जारी कर मकान खाली कराने के निर्देश दिए।