राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कल राजभवन में मंगला माताजी के जन्मदिवस के अवसर पर महिलाओं को साड़ी और शॉल वितरित किये। राज्यपाल मौर्य ने कहा कि मंगला माता जी मानवता के समग्र कल्याण के लिए समर्पित हैं और लाखों लोगों के जीवन को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने मंगला माता जी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। राज्यपाल मौर्य ने कहा कि महिलाओं को संगठित होकर कार्य करने की जरूरत है। कमजोर वर्गों की महिलाएँ स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उद्यमशीलता को अपना सकती हैं। निर्धन महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के रूप में सगंठित करके और ऋण लेकर छोटे-छोटे उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना होगा। उन्होंने राजभवन में निर्धन बस्तियों से आई महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाकर स्वरोजगार के कार्य करने के लिये प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को महिलाओं की हर संभव सहायता करने के निर्देश भी दिये।