चमोली जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने आज बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चमोली से कर्णप्रयाग तक ताबड़तोड छापेमारी करते हुए ऑलवेदर सड़क निर्माण कार्यो और कालेश्वर में रेलवे कार्यो का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सोनला में रेडीमिक्स प्लांट, देवलीबगड में स्टोन क्रैशर, पुरसाडी में एचएमटी प्लांट तथा कालेश्वर में दो रेडीमिक्स प्लांट में भारी अनियमितताएं एवं मानकों के अनुरूप संचालन न पाए जाने पर प्लांट को मौके पर ही सीज कर दिया। सोनला के निकट संचालित रेडीमिक्स कंक्रीट प्लांट (आरएमसी) के निरीक्षण के दौरान पीसीबी की अनुमति न मिलने, प्लांट के चारों ओर वाउंड्री वाल, सीसीटीवी कैमरा, ग्रीन वेल्ट एवं पानी का छिड़काव न किए पाए जाने पर जिलाधिकारी ने आरएमसी प्लांट को मौके पर ही सीज करवाया। वही देवलीबगड में स्टोन क्रैशर के निरीक्षण में डम्पिंग जोन की क्षमता और प्रतिदिन क्रैश किए गए स्टोन की मात्रा के ंसंबध में सही सही जानकारी न मिलने पर जिलाधिकारी ने अगले दो दिनों तक स्टोन क्रैशर का संचालन पूरी तरह से बंद रखने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि पॉल्यूशन बोर्ड की अनुमति के साथ डम्ंिपंग एवं क्रैश किए गए मलवे की पूरी जानकारी उपलब्ध करें और प्लांट में सीसीटीवी कैमरा, पानी का छिडकाव एवं वाउंड्रीवाल लगाते हुए मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अगर दो दिनों में पूरी जानकारी के साथ सभी व्यवस्थाएं नही की गई तो क्रैशर को हमेशा के लिए सील कर दिया जाएगा। वही पुरसाडी के निकट संचालित एचएमटी प्लांट का जून से अभी तक रिन्यूअल न कराए जाने बावजूद संचालन करने पर फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्लांट का संचालन रोकने के भी आदेश दिए। साथ ही एसडीएम को अवैघ भंण्डारण की माप करते हुए जुर्माना वसूलने को कहा। वही रेलवे द्वारा जिलासू एवं कालेश्वर में बिना अनुमति के दो रेडीमिक्स प्लांट (बैचिंग प्लांट) संचालित करते हुए खनन मैटिरियल का उपयोग करने पर जिलाधिकारी ने दोनों प्लांटों को भी मौके पर ही सीज कराया। खनन अधिकारी ने बताया कि रेलवे ने अभी तक इसकी कोई रॉयल्टी भी जमा नही है। जिस पर जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी को उपयोग किए गए मैटिरियल की माप करते हुए जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने चमोली कुहेड, बाजपुर, मैठाणा, नंदप्रयाग, सोनला, कालेश्वर आदि स्थलों पर ऑलवेदर सड़क निर्माण कार्यो का भी स्थलीय निरीक्षण किया।