राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई हैै। कांग्रेस नेता इंदिरा हृदयेश के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि कांग्रेस सत्ता के मामले में मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दावा किया था कि भाजपा के शासन से जनता त्रस्त है और कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव को जीत कर प्रदेश में अपनी सरकार बनायेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के कई विधायक उनके सम्पर्क में हैं और वे कांग्रेस के इशारे का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों के विधायक उनके सम्पर्क में हैं। हालांकि उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में पार्टी के शीर्ष पर बैठे लोगों को फैसला करना है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी से बात की जायेगी। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के 60 सीट जीतने के दावे को भी गलत करार दिया। जिसके जवाब में भाजपाध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और नेता प्रतिपक्ष सत्ता के मामले में मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही हैं और देखती रहें। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता साफ कर देगी कि कांग्रेस 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में दस सीटों से आगे नहीं बढ़ेगी और ऐसा कहने में उन्हें शर्म महसूस हो रही है।