चम्पावत: 21वे उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालयी शिक्षा, प्रौढ़ शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, युवा कल्याण, खेल, पंचायती राज और जनपद के प्रभारी मंत्री अरविंद पांडे द्वारा गौरल चौड़ मैदान में आयोजित स्तरीय विकास प्रदर्शनी का रिबन काटकर शुभारंभ किया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों को मंत्री जी द्वारा बारीकी से देखा गया। कार्यक्रम की शुरुवात मंत्री जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। उन्होंने कहा कि राज्य के शिक्षित युवाओं को अपने गाँवों को ही अपना कार्यक्षेत्र बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं परिश्रमी और प्रतिभावान हैं, लेकिन उन्हें व्यवसायिक कौशल भी सीखना होगा। मंत्री अरविंद पांडे का स्वागत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की बालिकाओं द्वारा अभूतपूर्व शानदार सरस्वती वंदना, गणेश स्तुति तथा स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया ।
द वॉइस ऑफ इंडिया के विजेता पवन दीप राजन ने राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर पहाड़ी गीत की शानदार प्रस्तुति दी, बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ के अंतर्गत कन्या भूर्ण हत्या पर जीजीआईसी की बालिकाओं द्वारा शानदार लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल जय गोल्ज्यू जन्म भूमि सांस्कृतिक कला मंच और कुमाऊँ लोक संस्कृति कला दर्पण लौहघाट द्वारा एक से बढ़कर एक शानदार एवम मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। अरविंद पांडेय जी द्वारा 21 वें उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित “विकसित होता उत्तराखंड बातें कम, काम ज्यादा” विकास पुस्तिका का विमोचन किया और राज्य स्थापना दिवस की जनपद वासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने राज्य स्तर पर वरीयता सूची में आने पर जनपद की मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कोरोना काल मे उत्कृष्ट कार्य करने पर डॉक्टरों, अध्यापकों, कृषकों आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बतौर मुख्य अतिथि अरविंद पांडे ने राज्य आन्दोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि नये भारत के निर्माण में उत्तराखण्ड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण में उत्तराखण्ड आन्दोलनकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज हम सौभाग्यशाली है जो पृथक राज्य में रह रहे हैं। जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनायें देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के अनेक देशभक्तों ने स्वत्रंता आन्दोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। टीम भावना से कार्य कर जनपद में कोरोना पर नियंत्रण पाया है। उन्होंने आगे भी सावधानी बरतने की अपील लोगो से की। उसके बाद मंत्री अरविंद पांडे ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की।